कादरचौक के ग्राम लभारी में भारी तनाव: मंदिर की जमीन पर पट्टा करने से महंत का जीवित समाधि का ऐलान।

बदायूं/कादरचौक:। विकासखंड कादरचौक के ग्राम लभारी में श्री रामचंद्र बृजभान मंदिर की जमीन को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। आरोप है कि तहसीलदार द्वारा पट्टेदारों को मंदिर की जमीन पर पट्टा कर दिया गया, जिससे आहत होकर मंदिर के महंत प्रयाग दास आज जीवित समाधि लेने के लिए तैयार हो गए। मौके पर शासन-प्रशासन मौजूद रहा, लेकिन महंत ने किसी की बात नहीं मानी सूचना पर भाजपा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य मौके पर पहुंचे और बाबा से बात कर उन्हें आश्वासन दिया, तब जाकर बाबा माने। मंदिर के महंत बाबा ने बताया कि हम विधायक जी की बात से सहमत हैं। विधायक ने बताया है कि इन पट्टेदारों के पट्टे कैंसिल किए जाएंगे। महंत प्रयाग दास ने स्थानीय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा, “जब भगवान की जमीन ही सुरक्षित नहीं है और प्रशासन तमाशा देख रहा है, तो मैं अपने प्राणों का त्याग कर रहा हूँ।”महंत के इस ऐलान के बाद सर्व समाज और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और मंदिर प्रांगण में हजारों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर मंदिर की जमीन पर कब्जा नहीं होने देंगे।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने आश्वासन दिया कि श्री रामचंद्र बृजभान मंदिर की जमीन मंदिर की ही रहेगी और फर्जी पट्टे निरस्त किए जाएंगे वर्तमान में मौके पर पुलिस बल तैनात है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत, कादरचौक प्रधान दिनेश चंद्र गुप्ता उर्फ पप्पू प्रधान, राजेश गुप्ता, पूर्व मंडल महामंत्री रचित गुप्ता, उमेश गुप्ता, पंकज, पूर्व प्रधान रमेश कश्यप, ज्ञानचंद उर्फ गब्बू प्रधान ग्राम लभारी, रचित, रमेश पंडित हेतराम शाक्य दाऊ दयाल पंडित सहित सैकड़ों ग्रामीण भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

