रामजी तिवारी मड़ावरा ललितपुर
ललितपुर।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी द्वारा आयोजित वृहद विधिक साक्षरता एवं सहायता शिविर में बुंदेलखंड सेवा संस्थान द्वारा स्टॉल लगाकर संस्थान के कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।
संस्थान की स्टॉल का अवलोकन मा0 उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री समित गोपाल जी, मा0 जनपद न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी तथा अपर जिला जज एवं मेगा विधिक सेवा शिविर के नोडल अधिकारी शरद कुमार चौधरी द्वारा किया गया।
इस दौरान मा0 अतिथियों ने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों, विशेष रूप से बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम तथा बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए समुदाय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मा0 न्यायमूर्ति महोदय सहित अन्य अधिकारियों द्वारा बाल विवाह मुक्त झांसी के निर्माण की दिशा में संस्थान के प्रयासों की सराहना की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वय से संस्थान द्वारा बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर समुदाय के बीच कार्य किया जा रहा है।
यह अवसर संस्थान के लिए उत्साहवर्धक रहा। साथ ही बाल विवाह एवं बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रशासन, न्यायिक संस्थाओं एवं समुदाय के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता को और मजबूती मिली।
