7 नवंबर को बांगिरीपोसी में होगा विशाल जनसमागम, 18 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
बांगिरीपोसी, 1 नवंबर: मुंडारी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने तथा ओडिशा की द्वितीय राजभाषा का दर्जा प्रदान करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को महुलबरई के पंडाशोल में बांगिरीपोसी ब्लॉक स्तरीय एक विशाल तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ब्लॉक की 18 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधिमंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुंडारी भाषा समन्वय समिति की ओर से आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विशाल जनसमागम एवं महारैली को सफल बनाने की रणनीति तैयार करना था। बैठक की अध्यक्षता बांगिरीपोसी ब्लॉक के संयोजक जगन्नाथ सिंह ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 7 नवंबर (शनिवार) को बांगिरीपोसी ब्लॉक स्तरीय विशाल महारैली आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुंडारी भाषा समन्वय समिति के बड़साही ब्लॉक अध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह, श्यामाखुंटा ब्लॉक के जिला परिषद सदस्य मधुसूदन सिंह, मुंडा शासन गुटगाम के जिला अध्यक्ष मनोरंजन सिंह, मो मयूरभंज के अध्यक्ष धर्मपद सिंह, चांदुआ के मुंडारी शिक्षक बुधु सिंह, समाजसेवी मानींद्र सिंह, ओमसा के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने मुंडारी भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा ओडिशा राज्य की द्वितीय राजभाषा का दर्जा प्रदान करने की मांग को मजबूती से उठाया। साथ ही, इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए एकजुट होकर आंदोलन को आगे बढ़ाने और 7 नवंबर को होने वाले विशाल जनसमागम को सफल बनाने का आह्वान किया।
अंत में पंडाशोल वार्ड सदस्य राजेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड।
