मिष्ठान दुकानों पर औचक निरीक्षण, नमकीन और छेना रसगुल्ला के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
हरदोई। दीपावली पर्व को देखते हुए आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है।
अभियान के तहत मल्लावां के वाजीगंज में राजेश पुत्र कल्लू के प्रतिष्ठान से नमकीन का नमूना लिया गया। वहीं पिहानी क्षेत्र के रनियांमायू में भूरी सिंह के प्रतिष्ठान से छेना रसगुल्ला का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
इसके अलावा पिहानी चुंगी स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार, बांके बिहारी मिष्ठान भंडार, पाल मिष्ठान भंडार और संतोष मिष्ठान भंडार का औचक निरीक्षण किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 कुमार गुंजन ने बताया कि सभी दुकानदारों को साफ-सफाई रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ITN NATIONAL NEWS
SHIVAM SHUKLA
