शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को मिलेगी गति, जनसुनवाई और समस्याओं का त्वरित होगा निराकरण– सर्किट हाउस में हुआ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत
झांसी, 02 नवंबर 2026: झांसी मंडल के नवागंतुक मंडलायुक्त श्री कृष्ण कुमार ने सोमवार को झांसी मंडल का विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल रहा।
सर्किट हाउस में हुआ स्वागत एवं परिचय सत्र: नवागंतुक मंडलायुक्त श्री कृष्ण कुमार के झांसी पहुंचने पर सर्किट हाउस में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी सहित अन्य प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात मंडलायुक्त ने सर्किट हाउस में विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया और संवाद स्थापित करते हुए शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
कार्यालय पहुंचकर संभाला कार्यभार: परिचय बैठक के उपरांत मंडलायुक्त श्री कृष्ण कुमार अपने कार्यालय पहुँचे और विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने आयुक्त कार्यालय परिवार के विभिन्न पटलों पर तैनात कार्मिकों से परिचय प्राप्त किया तथा सभी को आपसी समन्वय स्थापित कर पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मीडिया से संवाद- यातायात और पेयजल व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर: इस दौरान उन्होंने उपस्थित पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर की यातायात व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य नागरिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निराकरण कराया जाएगा।
प्रमुख रूप से ये अधिकारी रहे उपस्थित: इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, उपाध्यक्ष जेडीए श्री हिमांशु गौतम, सीडीओ श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर आयुक्त श्रीमती प्रियंका, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सचिव जेडीए श्री गौरव शुक्ला, एडीएम न्याय श्री ए.के. गौड़, जेडीसी श्री सुरेश चन्द्र केसरवानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
