बारीपदा, 3 नवंबर। द्वारशुनी घाटी से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-49 के विस्तारीकरण कार्य को लेकर यातायात प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आगामी 4 नवंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक सप्ताह बुधवार से शनिवार तक पांच घंटे के लिए इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
सड़क विस्तारीकरण कार्य के तहत पहाड़ों में पत्थरों की ब्लास्टिंग की जानी है। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उक्त दिनों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक द्वारशुनी घाटी मार्ग पर सभी प्रकार का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान घाटी को जोड़ने वाले बांगिरिपोशी और बिशोई दोनों ओर के प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। दोपहिया सहित सभी प्रकार के वाहन तथा पैदल यात्रियों को भी इस अवधि में आवागमन की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा घाटी के आसपास मवेशियों और बकरियों को चराने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आपातकालीन वाहनों को सड़क निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही आवागमन की छूट दी जाएगी।
प्रतिबंध की अवधि में आम लोगों के निजी एवं मालवाहक वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर इंतजार करना होगा। प्रतिबंध समाप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले आम लोगों के वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
वहीं, छोटे वाहनों से यात्रा करने वाले लोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में बिशोई-अरगलबिंदा-शंखाभंगा-जोक्का-चंदनपुर-कतरा चौक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बिशोई एवं बांगिरिपोशी थानों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड।
