खुर्जा। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और अवैध व्यापार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मंडी दानगंज में मंगलवार शाम को खाद्य सुरक्षा विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने ‘श्री गोपाल जी ट्रेडर्स’ पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से सरसों का तेल, सोयाबीन रिफाइंड और सलोनी ब्रांड के खाद्य तेल के कुल तीन नमूने (सैंपल) एकत्रित कर जांच प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। जांच के दौरान दुकान और गोदाम से लगभग 800 लीटर प्रतिबंधित खुला सरसों का तेल और 1,300 लीटर एक्सपायर्ड तेल बरामद हुआ, जिसे टीम ने तुरंत सीज कर दिया। सहायक आयुक्त (खाद्य ग्रेड-2) ममता चौधरी ने बताया कि ‘श्री गोपाल जी ट्रेडर्स’ एक ट्रेडर के रूप में पंजीकृत है, जिसके तहत उन्हें खुले तेल का व्यापार करने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद मौके पर बड़े पैमाने पर खुला तेल स्टॉक पाया गया। इसके अतिरिक्त, 1,300 लीटर एक्सपायर्ड तेल के संबंध में कारोबारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। कारोबारी का दावा है कि यह तेल इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए सप्लाई होना था, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
ममता चौधरी (सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2): “प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है। नियमानुसार खुले तेल का व्यापार प्रतिबंधित है। एक्सपायर्ड और खुले तेल को सीज कर दिया गया है तथा विधिक प्रक्रिया के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
सत्येंद्र सिंह (एसडीएम खुर्जा): “खाद्य सुरक्षा और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह छापेमारी की है। खुले तेल की बिक्री करने वाले अन्य व्यापारियों को भी सख्त चेतावनी दी जाती है कि वे नियमों का पालन करें। जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।”
