रिपोर्टर : ज़ाकिर ज़ंकार, डांग-आहवा
डांग जिले में वित्तीय समावेशन एवं ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से RBI अहमदाबाद के क्षेत्रीय निदेशक श्री अमरेश रंजन तथा नाबार्ड गुजरात के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) श्री जी.वी. सुनील कुमार ने 1 नवंबर, 2026 को जिले के विभिन्न ग्रामीण विकास प्रोजेक्ट्स का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बारखादिया गांव में नाबार्ड सहायता प्राप्त ₹2.82 करोड़ के देशी मधुमक्खी पालन प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस योजना के तहत डांग जिले के 6 गांवों के लगभग 450 किसान लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम में किसानों को मधुमक्खी पालन किट वितरित कर प्रशिक्षण एवं वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने जामलापाड़ा स्थित काजू प्रोसेसिंग सेंटर का निरीक्षण किया तथा सुबीर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन किया। इस यूनिट के माध्यम से नागली (रागी) और वरई जैसे पारंपरिक अनाजों का प्रसंस्करण एवं विपणन किया जाएगा।
अधिकारियों ने बुरथडी गांव में महिला संचालित डेयरी सहकारी मंडली तथा सौर ऊर्जा आधारित लिफ्ट सिंचाई परियोजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद कर बैंक ऋण, रोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस क्षेत्रीय दौरे का मुख्य उद्देश्य डांग के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेना तथा स्थानीय लोगों के आर्थिक विकास के लिए बैंकिंग सुविधाओं और संस्थागत ऋण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना था।
