गुजरात की एकता परेड में शामिल हुए बालोद के 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों के सदस्य, जिले में 1,171 लोगों ने देखा सीधा प्रसारण
बालोद, 5 नवंबर 2026। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में बालोद जिले की सहभागिता रही। इस कार्यक्रम में जिले से उप पुलिस अधीक्षक श्रुति सिंह सहित एक अधिकारी, दो पुलिसकर्मी और 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों के सदस्य शामिल हुए।
इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई थी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों की उपलब्धियों को झांकी और नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। परेड में डीआरजी, महिला बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ के जवानों की सहभागिता के साथ बाइक राइडरों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
एकता परेड का बालोद जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों और टाउन हॉल में प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिले में आयोजित स्क्रीनिंग कार्यक्रम में कुल 1,171 लोग शामिल हुए, जिनमें 152 पुलिसकर्मी, 539 स्कूली विद्यार्थी और 480 अन्य नागरिक शामिल रहे।
बालोद पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।

