बांदा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के कटरा स्थित नूनिया मोहल्ले के 13 वर्षीय अनाथ किशोर अनुज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। केन नदी में किशोर का शव मिलने के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, अनुज दो दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद उसका शव केन नदी में बरामद हुआ। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया।
आक्रोशित परिजन और मोहल्ले के लोग शव लेकर बलखंडी नाका पुलिस चौकी पहुंच गए। यहां पुलिस चौकी के गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
मासूम किशोर की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस चौकी के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
