दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे के वार्ड नंबर 11 में लगे सरकारी आरओ (RO) प्लांट पिछले तीन दिनों से तकनीकी खराबी का सामना कर रहा है। प्लांट का टीडीएस (TDS) असंतुलित होकर 650 के स्तर पर पहुंच गया है, जिससे वार्ड वासियों को अत्यधिक खारा और अशुद्ध पानी पीने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।
वार्ड निवासी इमरान अहमद पुत्र स्व. मो. तौफ़ीक़ अहमद ने बताया कि पिछले तीन दिनों से प्लांट का टीडीएस सिस्टम खराब है। उनके अनुसार, पीने योग्य पानी का टीडीएस स्तर सामान्यतः 100 से 140 के बीच होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में पानी का टीडीएस 650 दर्ज किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से चिंताजनक और हानिकारक है।
इमरान अहमद ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले वार्ड सभासद शाहिद आलम के भतीजे सीज़ान से मुलाकात कर मरम्मत की जानकारी सभासद तक पहुंचाई थी। अगले दिन फीडबैक लेने पर बताया गया कि खराबी की सूचना सभासद को दे दी गई है, लेकिन तीसरे दिन भी मरम्मत का कोई कार्य नहीं हुआ। इससे स्थानीय निवासियों में स्वास्थ्य को लेकर चिंता और आक्रोश बढ़ रहा है।
इस मामले में वार्ड सभासद शाहिद आलम ने मामले की जानकारी स्वीकारते हुए बताया कि उन्हें प्लांट खराब होने की सूचना मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले मिस्त्री को फोन करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन वह कॉल उठा नहीं सका। सभासद ने आश्वासन दिया कि आज पुनः मिस्त्री से संपर्क कर मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने नगरपंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द आरओ प्लांट की मरम्मत कराने और शुद्ध पीने योग्य पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
