अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश
जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
Ravi jhariya
State Reporter (M.P.)
मध्यप्रदेश/मण्डला :- कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण के विरुद्ध विस्तृत समीक्षा की गई एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री धोटे ने अवैध खनन गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा किया कि पवित्र नर्मदा नदी में मशीनों के माध्यम से होने वाले किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन पर पूर्ण पाबंदी रहेगी और उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने खनिज के अवैध परिवहन को रोकने के लिए पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग को संयुक्त रूप से प्रतिदिन चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। इसके तहत मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में हाइवा वाहनों की क्षमता (ओवरलोडिंग), फिटनेस तथा चालकों के स्वास्थ्य व नशाखोरी (ड्रिंक एंड ड्राइव) की सघन जांच की जाएगी। उन्होंने मोर्चा क्षेत्र सहित अन्य चिन्हित स्थलों पर भी मुस्तैदी से दबिश देकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी (पूर्व) प्रीता एमएस, वनमंडलाधिकारी (पश्चिम) श्री एमएस मौर्य,पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम मंडला श्री शैलेंद्र चौधरी, एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर, एसडीएम घुघरी श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
