शिमला ग्रामीण से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार श्री विक्रमादित्य सिंह लगातार दूसरी बार शिमला ग्रामीण विधानसभा चुनाव क्षेत्र से 13860 मतों से विजई हुए हैं। उनकी जीत से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर उमड़ पड़ी है। शिमला ग्रामीण की जनता का अपने लोकप्रिय नेता से मिलने का तांता उनके निवास स्थान होली लॉज में आज भी जारी है। वहीं दूसरी ओर हिमाचल सरकार के गठन का रास्ता भी एक-दो दिनों में साफ हो जाएगा। पिछले कल कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल के नेता को चुनने का अधिकार हाईकमान को दे दिया गया। अंतिम निर्णय केंद्रीय कांग्रेसी नेतृत्व को लेना है।हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों में से 40 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजई घोषित हुए हैं। राजनैतिक पंडितों के अनुसार होलीलाज को विश्वास में लिए बगैर यदि केंद्रीय नेतृत्व कोई फैसला लेता है तो उसके भविष्य में गंभीर परिणाम भी देखने को मिल सकते हैं? शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता व युवा कांग्रेस सराज के पदाधिकारियों का मानना है कि हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के गठन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती प्रतिभा सिंह जी की अहम भूमिका रहनी चाहिए तभी एक स्थाई सरकार 5 वर्षों के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता को मिल सकती है।
संवाददाता ओम प्रकाश शर्मा