सीकर नीमकाथाना सर्दी बढ़ने के साथ ही नगरपालिका ने शहर में चल रहे रैन बसेरे में सुविधाओं को दुरूस्त किया है। पालिका द्वारा रेलवे स्टेशन के पास मेगोतिया धर्मशाला में किराये के हॉल व एक कमरे में 20 बिस्तर क्षमता का अस्थाई रैन बसेरा संचालित किया जा रहा है। रैन बसेरा संचालित करने के लिए पालिका धर्मशाला को 10 हजार रुपए प्रतिमाह किराया दे रही है। ईओ सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि 29 नवंबर को रैन बसेरा शुरू किया गया था। एक महीने में रैन बसेरे में 19 लोग ठहरे हैं। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद पालिका ने रैन बसेरे में सुविधाओं में बढ़ोतरी की है। बड़े हॉल में पुरुषों व कमरे में महिलाओं के ठहरने का प्रबंध हैं। रैन बसेरे में आने वाले लोगों को बिस्तर, रजाई सहित सभी सुविधाएं दी जाती है।
सर्दी से बचने के लिए हीटर लगाया गया है। रैन बसेरे की देखरेख के लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। यहां आने वालों को पालिका द्वारा इंदिरा रसोई में निशुल्क भोजन भी करवाया जाता है।
स्थाई रैन बसेरे की मांगः नगरपालिका द्वारा सर्दी के मौसम में तीन महिनें के लिए मेगोतिया धर्मशाला में किराये के हॉल व कमरे में अस्थाई रैन बसेरा संचालित किया जाता है। लोगों ने स्थाई रैन बसेरा शुरू करने की मांग उठाई है। ताकि जरूरतमंद लोगों को आसानी से आश्रय स्थल मिल सके। ईओ सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि स्थाई रैन बसेरे के लिए सुभाष मंडी में इंदिरा कॉलोनी के पास जगह तलाशी गई है। दूसरी जगहों पर भी संभावनाएं तलाश रहे हैं। उम्मीद है। जल्द स्थाई रैन बसेरा मिल सकेगा।
इंडियन टी वी न्यूज रिपोर्टर कपिल देव शर्मा सीकर राजस्थान