आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इनके कब्जे से चोरी की सात बाइकें बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से तमंचा कारतूस भी जब्त किया है। पकड़े गए सभी अभियुक्त अम्बेडकरनगर जिले के रहने वाले हैं। राजघाट के पास से पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया।
शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बाइक चोर राजघाट के पास मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर अभियुक्त अमड़ी गोविंद साहब, नीरज निषाद, मो. कैफ, चमन कुमार व विशाल विश्वकर्मा को पकड़ लिया। मौके से इनके पास से बाइक व दो तमंचा-कारतूस भी बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ के बाद राजघाट पुल के नीचे से चोरी के बाद छुपा कर रखी छह अन्य बाइक के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बरामद कराया। पुलिस ने पांचों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है। एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा कि पकड़े गए बाइक चोर मास्टर चाभी से लॉक खोल कर बाइक की चोरी करते थे। फिर ग्राहक तय कर चार से पांच हजार रुपये में ही बेच देते थे। दो अभियुक्तों के पास से एक-एक तमंचा भी मिला है। पूछताछ की जा रही है। ताकि पता चल सके कि इन्होंने कहां-कहां से बाइक चोरी की है।