सैनिक कल्याण हेतु उमरिया में लक्ष्य से अधिक सहायता राशि संकलित करने पर राज्यपाल ने कलेक्टर उमरिया को किया सम्मानित।
रिपोर्टर विजय कुमार यादव
उमरिया – प्रदेश के माननीय राज्यपाल द्वारा उमरिया जिले में सैनिकों के कल्याण हेतु लक्ष्य से अधिक राशि संकलित करने पर कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को ट्राफी एवं प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। संभागीय सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल धीरेंन्द्र सिंह द्वारा यह ट्राफी एवं प्रसस्ति पत्र कलेक्टर सभागार में कलेक्टर को सौंपा गया ।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सैनिक कल्याण हेतु एकत्र किए जाने वाली सहायता राशि भूतपूर्व सैनिकों की विधवाओं, ऐसे सैनिक परिवार जिनके बच्चे प्रतिभाशाली हैं लेकिन आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक तंगी महसूस कर रहे हैं अथवा गरीब सैनिक विधवाएं तथा निशक्त बच्चों के कल्याण के लिए व्यय की जाती है। उन्होने कहा कि माननीय राज्यपाल द्वारा प्रदान की गई ट्राफी एवं प्रसस्ति पत्र केवल मेरा सम्मान नहीं है बल्कि सैनिकों के कल्याण के लिए दान करने वाले उमरिया जिले के सभी दानदाताओं का सम्मान है। आपने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में उमरिया जिले को सैनिक कल्याण राशि संकलन हेतु 2 लाख 80 हजार रूपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। विगत वर्षाे की भांति सभी विभागीय अधिकारी सहद्यता के साथ यह राशि समय सीमा में सैनिक कल्याण कोष में जमा करें।
संभागीय सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि सैनिक कल्याण हेतु संकलित की जाने वाली राशि देश की सीमा की रक्षा करने वाले परिवारों, विधवाओ, मेधावी छात्रो तथा ऐसे सैनिक जिन्हें पेशन नही मिलती है और ये आर्थिक तंगी से गुजर रहे होते है, उन्हे गरीबी भत्ते के रूप में प्रदाय की जाती है । उन्होेने कहा कि संभाग का उमरिया एक ऐसा जिला है जहां प्रति वर्ष लक्ष्य से अधिक राशि संकलित होती आ रही है । आप सभी खुले मन से दान कर सैनिको के कल्याण मे भागीदार बनें।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ओहरिया, अपर कलेक्टर शिवगोविंद सिंह मरकाम, एसडीएम बांधवगढ रीता डेहरिया, एसडीएम पाली टी आर नाग, एसडीएम मानपुर कमलेश नीरज , डिप्टी कलेक्टर मीनाक्षी इंगले, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी संतोष चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागो के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।