नगर पंचायत में भ्रष्टाचार के खिलाफ क्रमिक धरना दूसरे दिन जारी
अध्यक्ष व अध्यक्ष प्रतिनिधि का पुतला दहन करते सभासद
मंडल ब्यूरो चीफ चंद्रजीत सिंह की रिपोर्ट
ओबरा। नगर पंचायत ओबरा में भारी अनियमित से नाराज सभासदों का क्रमिक धरना दूसरे दिन मंगलवार को भी नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष जारी रहा। इस दौरान सभासदों ने जमकर नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि का पुतला दहन किया। मौके पर सभासद अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि हम सभी सभासदों के अनुसार नगर पंचायत के वित्तीय अधिकार पर रोक लगाई जाए। कहा कि आउटसोर्सिंग पर रखे गए 212 कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक किया जाए। नगर पंचायत कार्यालय के गोपनीय कार्य में आउटसोर्सिंग कर्मियों का दखल बंद कराया जाए।बीते 13 जून 2023 से 31 मार्च 2024 तक हुए भुगतान का विवरण जैसे जैम पर, राज्य वित्त, 15वां वित्त के द्वारा कराए गए कार्य तथा आपूर्ति का विवरण एवं भुगतान की जांच कराई जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से की जा रही अवैध धन उगाही की जांच कराई जाए। नाली तथा नाले सफाई का कोई अतिरिक्त कार्य टेंडर में कराया जाए, जिसका प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में पास किया जाए और उसी का टेंडर निकाला जाए। पूर्व में हुई निविदा की जांच कराई जाए। जिन फर्मो को कार्य दिया गया है,उनके कागजातों एवं फर्म की जांच की जाए। जिससे उनके कार्य अनुभव,टर्न ओवर, हैसियत प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, जीएसटी का रिटर्न इत्यादि की जांच हो। वार्ड नंबर 1, 3, 18 एवं 14 में नालों की सफाई को लेकर दो बार किए गए फर्जी भुगतान की जांच कराई जाए। ओबरा छठ घाट पर हुई सफाई का भुगतान की जांच हुई जबकि आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों से सफाई का कार्य कराया गया था उसका भी भुगतान फॉर्म के माध्यम से हुआ जिसकी जांच आवश्यक है। लोकसभा चुनाव के दौरान नगर पंचायत द्वारा वोटिंग प्वाइंट पर आने जाने हेतु जो ई रिक्शा लगाया गया था उससे संबंधित चुनाव आयोग की कोई गाइडलाइन हो तो उसे आदेश को उपलब्ध कराया जाए। सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि उपरोक्त 10 बिंदुओं की जांच करा कर सार्थक कार्यवाही की जाए। अन्यथा की स्थिति में सभासद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।पुतला दहन में सभासद राकेश मिश्रा,अजीत कनौजिया, संजय कुमार कनौजिया, राजू साहनी, राकेश कुमार, अरशद हुसैन, निर्मला देवी, मधु देवी शुक्ला, ज्ञानमती सिंह, आशा देवी, निलम राव आदि शामिल रहे।