लोकसभा चुनाव समाप्त होते ही कोयला तस्करी जोरो पर
जहां भी अवैध तरीके से कोयला तस्करी की जा रही है सभी जगह पर जल्द ही छापेमारी की जाएगी। साथ ही इसमें संलिप्त तस्करों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी: एसपी रामगढ़
Indian TV News हजारीबाग संवाददाता
हजारीबाग लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही रामगढ़ जिले के कई जगहों से कोयले की तस्करी निर्बाध गति से शुरू हो गई है। बीते वर्ष कोयला तस्करों ने जमकर इस धंधे को अंजाम दिया था। सूत्र बताते हैं कि लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही कोयला तस्कर सक्रिय हो गए हैं। सीसीएल हजारीबाग कोयला क्षेत्र के घाटो ओपी क्षेत्र के परसाबेड़ा, गोसी, बसंतपुर और कलाली मोड़ तथा मांडू और कुज्जू थाना सीमा के बीच हेसागढा के समीप शनि मंदिर के पास के क्षेत्रों से कोयले की तस्करी बदस्तूर जारी है। आरा कांटा के पास निर्मित फैक्ट्री में बाइक, चार पहिए वाहन, ट्रेक्टर, ट्रक और साइकिल के माध्यम से कोयले की ढुलाई की जा रही है। क्षेत्रों से चोरी के कोयले की लगातार ढुलाई कर बिहार, यूपी के मंडियों तथा आरा कांटा और रामगढ़ के स्पंज आयरन फैक्ट्री में आपूर्ति की जा रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन के द्वारा टास्क फोर्स का गठन भी किया गया है। इसके बावजूद भी कोयला तस्करी बदस्तूर जारी है। उपरोक्त क्षेत्रों से प्रतिदिन 5 से 10 ट्रक कोयले निकाले जा रहे हैं। प्रशासन के द्वारा बड़ी कार्रवाई करने के बावजूद भी कोयला तस्करों के हौसले इतने बुलंद है कि पिछले 18 फरवरी को हज़ारीबाग डीआईजी के टीम ने अवैध कोयला व्यवसाय पर अंकुश लगाने को लेकर देर रात्रि गए टीम पर ही घाटो ओपी क्षेत्र में तस्करों द्वारा हमला कर दिया गया था। व्यापक पैमाने पर क्षेत्र में कोयला तस्करी जारी है। जिला और पुलिस प्रशासन के द्वारा कार्रवाई करने के बावजूद भी कोयला तस्करों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। इस तस्करी मे अधिकारियों, पदाधकारियों, राज्य के नेताओं, कलम के सिपाही सहित कई विभाग के लोगों की मिलीभगत के कारण यह धंधा लागातार फल-फूल रहा है। प्रतिदिन कोयला तस्करी होने से सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपयों के राजस्व की हानि उठानी पड़ रही है। इस संबंध में रामगढ़ एसपी से दूर भाष के माध्यम से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जहां भी अवैध तरीके से कोयला तस्करी की जा रही है सभी जगह पर जल्द ही छापेमारी की जाएगी। साथ ही इसमें संलिप्त तस्करों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।