मोहाली में अब चंडीगढ़ की तरह कैमरों की मदद से काटे जाएंगे चालान
पत्रकार/ सुशील कुमार सिंधी
5 महीने पहले मिली थी मंजूरी
आज से 18 जगह पर ट्रायल शुरू हो गया है
मोहाली में अब कैमरों की मदद से चालान काटे जाएंगे। इसके लिए पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से कैमरे लगाने का काम किया जा रहा है। आज से शहर में 18 जगह पर ट्रायल शुरू हो गया है। आज पंजाब के स्पेशल डीजीपी शरद सत्य चौहान सिटी सर्विलांस एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का शिलान्यास किया है।
जहां से पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर इन कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। अब चंडीगढ़ की तर्ज पर मोहाली में भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर ऑनलाइन चालान काटा जाएगा और सीधा घर भेजा जाएगा।
5 महीने पहले मिली थी मंजूरी
ये कैमरे लगाने के इस प्रोजेक्ट को 5 महीने पहले मंजूरी मिली थी। लेकिन लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण यह शुरू नहीं हो पाया था। अब मोहाली नगर निगम और ग्रेटर मोहाली विकास प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद इस पर काम शुरू हो गया है। यह प्रोजेक्ट फरवरी महीने में अलॉट हुआ था। मोहाली में कैमरे लगाने का काम दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी कर रही है। शहर में करीब 400 हाई रेजोल्यूशन कैमरे लगाए जा रहे हैं।
इससे पहले चार बार प्रयास किए गए थे
मोहाली में इस तरह के कैमरे लगाने के लिए इससे पहले चार बार प्रयास किए गए थे। लेकिन पांचवें प्रयास में इस टेंडर को मंजूरी मिली थी। इससे पहले तकनीकी बोली या वित्तीय बोली के कारण इन टेंडरों को रद्द करना पड़ा था। मोहाली में इन कैमरों को लगाने के लिए 17.70 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट रखा गया है। इससे पहले इस प्रोजेक्ट को लेने की कोशिश करने वाली कंपनी ने 25.46 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था। लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई थी। इस कारण इसे खारिज करना पड़ा था।