नौकरी से निकालने और शिकायत वापस लेने का आरोप, डीईओ से कहा 4 माह से नही दी वेतन
सीएम राईज बरखेड़ा हाट प्राचार्य के खिलाफ सुरक्षा गार्डों और सफाईकर्मियों ने की शिकायत
गुना। जिले के आरोन विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम सीएम राईज बरखेड़ा हाट प्राचार्य के खिलाफ एक बार फिर शिकायत की गई है। इस बार यह शिकायत स्कूल में लगे 10 सुरक्षा गार्डों और सफाईकर्मियों ने की है। जिसमें उन्होंने प्राचार्य पर आरोप लगाया है कि वह नौकरी से निकालने, शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे है। इतना ही नही उन्होंने सभी लोगों को मानसिक और आर्थिक परेशान करने के उद्देश्य से 4 माह से वेतन तक नही दी। जिसकी उन्होंने डीईओ से शिकायत कर समस्या का निराकरण करने की मांग की है।
दरअसल जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर सिसोदिया से की गई हस्ताक्षरयुक्त शिकायत में सुरक्षा गार्डों और सफाईकर्मियों ने उल्लेख किया है कि प्रभारी प्राचार्य यशवंत धाकड़ से हमको बचा लो साहब, आपने नही बचाया तो हम डर के मारे या जहर खा लेंगे या फिर फांसी लगा लेंगे। यह बहुत ही गंभीर बात है, क्योंकि 4 माह से वेतन नहीं मिलने से उनके बच्चे भूखे मरने की कगार पर पहुंच गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि 4 लोगों ने डर के मारे 181 पर शिकायत करके वापस ले ली और 4 सुरक्षा गार्डों से वापस लेने का दबाव बना रहा है। प्रभारी प्राचार्य कह रहे हैं कि हर माह तनख्वाह में से 1000 हजार रूपये पहले दो तभी वेतन डालूंगा। उन्होंने यह भी शिकायत में दर्शाया है कि अभी तो 18 बिंदूओं की शिकायत की है और अब 36 बिंदू की शिकायत करो मेरा कुछ होने वाला नही है तुम्हे जो दिखे सो कर लेना। शिकायत करने वालों में सुरक्षा गार्ड रमेश, अभिषेक, सुशील, रामबली, नरेश कुशवाह, विजय अहिरवार और सफाईकर्मियों में मुसाबि सिंह, बंटी धाकड़, उपेन्द्र बाल्मीक, जितेन्द्र कुशवाह शामिल हैं।
4 सदस्यीय कमेटी कर रही 18 बिंदुओं की जांच
सीएम राईज स्कूल बरखेड़ा हाट तहसील आरोन के प्रभारी प्राचार्य यशवंत के द्वारा विद्यालय में की जा रहीं अनियमितताओं की जांच पिछले एक महीने से 18 बिंदुओं पर 4 सदस्यीय टीम कर रही है। उक्त टीम में राजेश गोयल सहायक संचालक, सुश्री प्रेरणा गुप्ता सहायक संचालक, विनोद रघुवंशी उ.मा.शि. एवं प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी विकासखंड आरोन और वेदप्रकाश भार्गव गणक कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी गुना द्वारा कराई जा रही है। जिसमें जांच टीम को शिकायत की बिंदुवार तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन मय अभिलेखों एवं साक्ष्यों के अपने स्पष्ट अभिमत सहित 3 दिवस की समयावधि में डीईओ के समक्ष पेश करना थी, किंतु आज तक जांच अधूरी है।
=================
जिला गुना से गोलू सेन की रिपोर्ट