चित्रकूट(उत्तर प्रदेश):
एक दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट पहुंच गए हैं। हेलीपैड से उतरने के बाद वे सीधे जिला कलेक्टर ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर गहरी चिंता जताई। बैठक में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले राम पथ गमन और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की लिंक रोड परियोजनाओं पर चर्चा की।
योजनाओं में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में बन रहे टेबल टॉप एयरपोर्ट के कार्यों की प्रगति पर भी अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। साथ ही जिले में निर्माणाधीन पुलों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होनी चाहिए, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बने चौथे टाइगर रिजर्व और चित्रकूट में निर्माणाधीन यूपी के पहले स्काई ब्रिज के कामों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यावरण और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले इन प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र की छवि को और बेहतर किया जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदाकिनी नदी के रामघाट पहुंचकर मां मंदाकिनी की आरती में शामिल होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से जिले भर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, और उनके दौरे का प्रोटोकॉल भी तीन बार बदला गया है। मां मंदाकिनी की आरती में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी शाम 5 बजे तक लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे ।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख
उरई -जालौन, उ.प्र.)