तल्हेडी बुजुर्ग: कस्बे में कोचिंग क्लास लेने जा रहे अलग-अलग समुदाय के छात्रों के बीच जमकर संघर्ष हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को तल्हेडी बुजुर्ग क़स्बे में अलग-अलग समुदाय के छात्रों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर लाठी डंडों से जमकर मारपीट हो गई। संघर्ष के चलते सोनू व मोनू पुत्रगण देवेन्द्र निवासी मनोहरपुर और साद पुत्र सलीम व साकिब पुत्र हासिम निवासीगण तल्हेडी बुजुर्ग के बीच हुई मारपीट में दोनों ही पक्ष के छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गए जबकि सोनू पुत्र देवेन्द्र को अधिक चोटे बताई जा रही है। हाईवे के निकट हुए संघर्ष को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। मौजूद लोगों ने बताया कि सोनू आदर्श इंटर कॉलेज का छात्र है जबकि साद दिव्य ज्ञान ज्योति स्कूल में पढ़ता है। झगड़े की जानकारी मिलते ही तल्हेडी बुजुर्ग पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के छात्रों को अपनी गिरफ्त में लिया। लेकिन अलग अलग समुदाय का झगड़ा होने के कारण मामला तूल ना पकड़ जाए इसलिए तल्हेडी चौकी प्रभारी अजय कसाना ने घटना की सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। जिनके आदेश पर दोनों पक्षों के छात्रों पर कानूनी कार्यवाही करने के लिए कोतवाली देवबंद ले जाया गया।खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से बच्चों पर कानूनी कार्यवाही ना करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षो के बीच आपसी सहमति जताई जा रही है जिसके चलते दोनों ही पक्ष कानूनी कार्यवाही करने से इन्कार कर रहे हैं।
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़
