खबर सहारनपुर से
ग्राम प्रधान पर कार्रवाई: अवैध वृक्ष कटान के आरोप में निलंबन, जांच जारी
सहारनपुर की ग्राम पंचायत मौहम्मदपुर हुसैनपुर उर्फ नवादा, विकासखंड मुजफ्फराबाद के ग्राम प्रधान पर 567 वृक्षों के अवैध कटान के गंभीर आरोप लगे हैं। यह कार्रवाई ग्राम प्रधान द्वारा बिना वन विभाग की अनुमति के भूमि पर खड़े वृक्षों को काटे जाने की शिकायत पर शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में आरोप सिद्ध
जिला मजिस्ट्रेट सहारनपुर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी और सहायक अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में ग्राम प्रधान पर प्रथम दृष्टया आरोप सिद्ध पाए गए।
कारण बताओ नोटिस और निलंबन
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
अंतिम जांच और कार्रवाई जारी
मामले की अंतिम जांच जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सहारनपुर को सौंपी गई है। वहीं, जांच में ग्राम सचिव के भी दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा शुरू कर दी गई है।
कड़ी कार्रवाई की उम्मीद
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले में निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से इस मुद्दे पर त्वरित और सख्त कदम उठाने की मांग की है
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़