उरई(जालौन):
डीआरएम ने किया उरई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण:
जल्द मिलेंगी नई सुविधाएं:
महाकाल और साबरमती एक्सप्रेस के ठहराव पर सहमति, फुट ओवर ब्रिज पर लगेंगे एस्केलेटर और लिफ्ट:
झांसी मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) दीपक कुमार सिन्हा ने सोमवार को उरई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सर्कुलेटिंग एरिया से हुई, जहां उन्होंने टिकट विंडो पर तैनात कर्मचारी से बातचीत की। उन्होंने हाल ही में लगी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन की भी जांच की और बिक्री से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर बने पार्क का निरीक्षण किया और वहां राष्ट्रीय ध्वज लगाने का निर्देश दिया।
स्टेशन की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए डीआरएम ने मुख्य द्वार की दीवारों को स्वच्छ रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय में यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीआरएम सिन्हा ने कहा कि उरई स्टेशन पर उन ट्रेनों का ठहराव जल्द सुनिश्चित किया जाएगा, जिनकी मांग यात्रियों द्वारा की जा रही है। इनमें महाकाल एक्सप्रेस (इंदौर-वाराणसी) और क्लोन साबरमती एक्सप्रेस (अहमदाबाद-दरभंगा) शामिल हैं।उन्होंने बताया कि स्टेशन पर 40 फीट चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा, जिसमें एस्केलेटर और लिफ्ट भी होंगी। इससे यात्रियों, खासतौर पर बुजुर्गों और दिव्यांगों को राहत मिलेगी। इसके लिए टेंडर जारी हो चुके हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। जब उनसे उरई से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि यह निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर पर लिया जाएगा। डीआरएम ने बताया कि भिंड-जालौन-महोबा रेल लाइन के लिए सर्वे का काम जारी है। इसके पूरा होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम अमन वर्मा, सीनियर डीओएम अखिल शुक्ला, सीनियर डीईएन कोऑर्डिनेशन आशुतोष चौरसिया, सीनियर डीएससी विवेकानंद नारायण, स्टेशन अधीक्षक एसके खरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश