झांसी-कानपुर हाईवे पर ट्रक और कार की भीषड़ टक्कर एक घंटे तक बाधित रहा यातायात।झांसी-कानपुर हाईवे पर सोमई गिरथान के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि क्षतिग्रस्त कार में सवार लोग एक घंटे तक फंसे रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की सहायता से कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला जानकारी के मुताबिक, बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के इकधरा गांव निवासी अंकित अपने परिवार के साथ कार से बेंगलुरु जा रहे थे। कार में अंकित (35), उनकी पत्नी संगीता, पुत्री सिद्धिका,चालक ब्रजेश, उसकी पत्नी प्रीति, पुत्र अत्तु, मानवी और मंदा सवार थे। जब कार झांसी-कानपुर हाईवे पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के समीप सोमई गिरथान पहुंची, तभी चालक ब्रजेश को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और विपरीत दिशा में पहुंच गई, जहां झांसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही ब्रजेश, प्रीति, संगीता, सिद्धिका और अत्तु की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे परअफरा तफरी मच गई और एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार में फंसे शवों और घायलों को कटर की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल अंकित, मानवी और मंदा को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिवार की यात्रा बेंगलुरु तक पहुंचने से पहले ही मातम में बदल गई।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन उत्तर प्रदेश)