जनपद एटा उत्तर प्रदेश
रिपोर्टर-मानपालसिह
इंडियन टीवी न्यूज चैनल
*सात सूत्रीय मांगों को लेकर पत्रकारों ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन*
एटा। जिले में लगातार पत्रकारों के साथ हो रहे भेदभाव पूर्ण रवैया और प्रताड़ना के संबंध में आज पत्रकार बंधुओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह को ज्ञापन सौंपा। जनपद में जिस तरह से पत्रकारों को अपमानित कर पवित्र पत्रकारिता को तरह-तरह से कलंकित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज में पत्रकार एवं पत्रकारिता की छवि खराब होने की आशंका है। वहीं कुछ दिन पूर्व जिला पुलिस कार्यालय पर समाचार संकलन करते पत्रकारों से अभद्रता की गई थी, जिसकी शिकायत एसएसपी से की गई मगर उक्त शिकायत पर कोई कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है। जिससे पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
वहीं दूसरी ओर कोतवाली नगर पुलिस द्वारा चार-पांच जुलाई में मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उक्त प्रकरण में सचिन गुप्ता पुत्र अमरीश निवासी विजय नगर कॉलोनी थाना कोतवाली नगर को बिना जांच पड़ताल किए ही पुलिस द्वारा पवित्र पत्रकारिता के पेशे से जोड़कर पत्रकारिता की आड़ में गैर कानूनी कार्य करना बताया गया। जिससे पत्रकार समाज आहत होने के साथ-साथ आक्रोशित भी है और भविष्य में बेहतर जनहित की पत्रकारिता हेतु सात सूत्रीय मांग करता है।
प्रमुख मांगों में जिला सूचना कार्यालय में पंजीकृत पत्रकारों की सूची समस्त थाना कोतवाली एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए ताकि पात्र पत्रकारों को समाचार संकलन करने में किसी प्रकार की समस्या ना हो। किसी भी आरोप में आरोपित किए जाने वाले पत्रकार की जांच वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्थानीय पंजीकृत पात्र पत्रकारों के सहयोग से कराई जाए। पत्रकार अथवा उनके परिजनों के साथ किसी भी प्रकार की घटना होने पर तहरीर के आधार पर तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज हो और संगीन मामलों में आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। किसी विशेष कवरेज एवं समाचार संकलन करने पर पत्रकार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए। समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाली तथा न्यूज़ चैनलों पर प्रसारित होने वाली खबरों को गंभीरता से लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं। जनहित की पत्रकारिता करने वाले पात्र पंजीकृत पत्रकारों को उनके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों के लिए समय-समय पर सम्मानित किया जाए। पत्रकारिता से जुड़े कार्यक्रमों बैठक धरना प्रदर्शन या अन्य आयोजनों में सुरक्षा हेतु सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए।
पत्रकार बंधुओं ने मांग की है कि उपरोक्त मांगों को तत्काल स्वीकार करते हुए संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को शीघ्र आदेशित किया जाए। अन्यथा की स्थिति में सभी पत्रकार बंधु मजबूरन अपनी गिरफ्तारी जिला प्रशासन को देने को विवश होंगे।