गांव ध्याना में भरभराकर गिरा मजदूर का मकान, परिवार मे कोहराम
नायब तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को शासनादेश द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन
तल्हेडी बुजुर्ग भारी बारिश के कारण गांव ध्याना में एक मजदूर परिवार का कच्चा मकान धराशाई हो गया जिसके कारण पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को तल्हेडी बुजुर्ग क्षेत्र में हुई भारी बरसात के दौरान गांव ध्याना निवासी बालेन्द्र सैनी पुत्र इलमचन्द अपनी पत्नी सुनीता व दो लड़कियों नीतू और तनु के साथ अपने कच्चे मकान में बैठे थे। इसी बीच उन्हें मकान की छत गिरने का आभास हुआ।जिसे देखकर बालेन्द्र घबरा गया और अपने परिवार को लेकर मकान से बाहर निकलने लगा, तभी मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर पड़ी जिसके कारण उन्हें मामूली चोटें आई। गनीमत रही कि वह मकान के मलबे की चपेट में नहीं आए अन्यथा एक बड़ी दुर्दांत दुर्घटना घटित हो सकती थी। मकान गिरने और परिवार के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण लोग मौके पर एकत्रित हो गए जिन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देकर शांत कराया। तत्पश्चात ग्रामीणों ने घटना की जानकारी देवबंद नायब तहसीलदार देवेन्द्र प्रजापति और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल व स्थानीय पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए जिन्होंने घटना की छानबीन कर पीड़ित को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया है। मौके पर मौजूद गांव के ही राहुल त्यागी व शुभम वत्स ने बताया कि बालेन्द्र मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पोषण करता है। बरसात के कारण उसका मकान गिरने से उसकी आर्थिक स्थिति पर संकट छा गया है। उन्होंने शासन से पीड़ित परिवार की सहायता के लिए गुहार लगाई है।उधर देवबंद नायब तहसीलदार देवेन्द्र प्रजापति ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित हरसंभव आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि मकान गिरने की घटना से ग्राम प्रधान नीरज सैनी को अवगत कराया गया लेकिन उन्होंने काम का बहाना बनाकर मौके पर पहुंचने से इंकार कर दिया। जिससे समस्त ग्रामवासियों में ग्राम प्रधान के प्रति रोष दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि विगत दिनों इसी गांव में अनिल पुत्र शंकर का मकान धराशाई हो गया था जिसमें उसके पन्द्रह वर्षीय एकलोते पुत्र निहाल की मौत हो गई थी।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़