अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ थाना सिरौल पुलिस की कार्यवाही
पुलिस ने सिरौल कॉलोनी स्थित मकान से गांजा बेच रहे पति-पत्नी को पकड़कर उसने डेढ लाख रूपये का अवैध गांजा किया जप्त
ग्वालियर। दिनांक 16.06.2025 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 15.06.2025 को सिरोल पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ सिरौल कॉलोनी स्थित अपने घर से अवैध रूप से गांजे की पुड़िया बेच रहा है, मुखबिर की उक्त सूचना पर अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व/यातायात/अपराध) कृष्ण लालचंदानी(भापुसे) द्वारा थाना सिरौल पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर गांजा तस्कर को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में सीएसपी विश्वविधालय सुश्री हिना खान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरोल निरीक्षक निरीक्षक गोविन्द बगौली के द्वारा थाना बल की टीम को सिरोल कॉलोनी में मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को जाटव वाली गली में एक महिला व पुरुष, कुछ लडकों को पुडिया देते दिखाई दिये, लड़के पुलिस को अपनी ओर आती देखकर भाग खड़े हुये तथा पुरुष व महिला घर के अन्दर चले गये जिन्हें बाहर बुलाया गया तो दोनों सकपकाते हुये बाहर आये, जिनसे नाम पता पूछने पर दोनों ने सिरोल काॅलोनी थाना सिरोल जिला ग्वालियर का ही रहने वाला बताया। पुलिस टीम द्वारा घर की तलाशी लेने पर कमरे में सोफे के नीचे से एक हल्के पीले रंग के प्लास्टिक का कट्टा मिला, जिसे खोलकर चेक किया तो उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ पाया गया तथा कमरे में रखी टेबल के नीचे दराज में गुलाबी व क्रीम जैसे रंग के झोले में छोटी-2 पैकिंग वाली पाॅलिथिनों में भी गांजा भरा हुआ मिला, जिनकी तौल कराने पर उसका वजन 07 किलो 345 ग्राम कीमती लगभग 01 लाख 50 हजार रूपये का होना पाया गया। पकड़े गये दोनों लोगों का यह कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दण्डनीय होने से उनके पास से मिला 07 किलो 345 ग्राम अवैध गांजा को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये दोनों गांजा तस्करों के खिलाफ थाना सिरोल में अप0क्र0 135/25 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये दोनों तस्करों के विरूद्ध 16.05.2025 को थाना सिरोल में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था, जिसमें उक्त दोनों वर्तमान में जमानत पर बाहर थे।
जप्त मशरूका:-07 किलो 345 ग्राम अवैध गांजा कीमती लगभग 01 लाख 50 हजार रूपये।
सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी सिरौल निरीक्षक गोविन्द बगौली, उनि0 उपेन्द्र सिंह, प्र.आर0 सोनवीर, प्र.आर0 नरेश, प्र.आर0 रामकिशन, आर0 रामनिवास, आर0 बलराम, आर0 महेश, आर0 दिलीप, आर0 मातादीन, आर0 ध्यानेन्द्र, आर0 अरविंद, म.आर0 किरण, म.आर0 शिवानी, म.आर0 पूजा, म.आर0 आरती, आर0 चालक जगजीवन की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव