ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन,
प्राचार्या आशा चौधरी के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 14 गोरखा प्रशिक्षण सूबाथू के प्राथमिक विभाग में एक गरिमामय अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ।
दीप प्रज्वलन के उपरांत विद्यालय के चारों सदनों — शिवाजी, टैगोर, अशोक एवं रमन — के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए मनमोहक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मार्चपास्ट की सलामी प्राचार्या आशा चौधरी द्वारा ली गई, जिसने पूरे परिसर को गौरव और उत्साह से भर दिया।
यह ऐतिहासिक अवसर विद्यालय की नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को सम्मानित कर उनके कंधों पर नई जिम्मेदारियों का भार सौंपने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। विद्यालय के पांचवीं कक्षा के मेधावी छात्र रियांश नेगी को हेड बॉय तथा पांचवीं की होनहार छात्रा सिया को हेड गर्ल के पद से विभूषित किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा चौथी के गंतव्या शर्मा को वाईस स्कूल कैप्टन बॉयज, शिवन्या को स्कूल कैप्टन गर्ल्स, भाविक को स्पोर्ट्स कैप्टन बॉयज, रिशिका को स्पोर्ट्स कैप्टन गर्ल्स, समर को सीसीए कैप्टन बॉयज तथा चारुल रघुवंशी को सीसीए कैप्टन गर्ल्स की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्राचार्या आशा चौधरी ने सभी नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को सैशे पहनाकर सम्मानित किया तथा जिम्मेदारी के निर्वहन की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान वातावरण गौरव और नये संकल्पों से ओत-प्रोत था।
नवनियुक्त हेड बॉय और हेड गर्ल ने मंच से सभी शिक्षकों और सहपाठियों के प्रति आभार प्रकट किया और आश्वासन दिया कि वे अपने दायित्वों को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाकर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
समारोह के समापन अवसर पर प्राचार्या आशा चौधरी ने कहा कि विद्यालय में कप्तान व्यवस्था विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यही विद्यार्थी समाज, राष्ट्र और वैश्विक मंचों पर भी अपनी अद्वितीय नेतृत्व क्षमता का परिचय देंगे।
प्राचार्या ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में जितनी सक्रियता दिखाते हैं, उतनी ही एकाग्रता से अपनी पढ़ाई में भी श्रेष्ठता अर्जित करें। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व के ये मूल्य ही जीवन में उन्हें ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों एवं छात्रों के सौजन्य से अत्यंत व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में उल्लास और गौरव का अद्भुत संचार देखने को मिला।