नगर निगम की ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ व्यापारी उतरे सड़कों परः सहारनपुर में दुकानों के शटर डाउन, निगम कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप
सहारनपुर में नगर निगम के प्रवर्तन दल की कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। दो दिन पहले पॉलिथीन चेकिंग के नाम पर एक व्यापारी के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के विरोध में व्यापारियों ने शनिवार को दिल्ली रोड पर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापारियों ने नगर निगम पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाया है प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली रोड पर दरी बिछाकर धरना दिया और निगम की कार्रवाई को गैरकानूनी, अमानवीय और दमनकारी करार दिया। व्यापारी नेता विवेक मनोचा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के प्रवर्तन दल ने व्यापारी अशोक खुराना और उनके भाई के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि अशोक खुराना के भाई का गिरेबान पकड़ कर उन्हें सार्वजनिक रूप से धक्का दिया गया, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है
“सरकारी गुंडागर्दी” का आरोप
विवेक मनोचा ने नगर निगम की कार्रवाई को “खुली गुंडागर्दी” बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार भले ही बाहरी गुंडों को खत्म कर रही हो, लेकिन अब खुद सरकारी विभागों में गुंडागर्दी पनप रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर जो निजी एजेंसी हायर की है, वह व्यापारियों से जबरन अवैध वसूली कर रही है उन्होंने कहा कि “हमने 12% टैक्स वृद्धि भी स्वीकार की, फिर भी निगम को चैन नहीं है। आखिर व्यापारी कितना खून चुसवाए? क्या हर चीज के लिए सड़क पर उतरना ही होगा उन्होंने कहा कि एजेंसी के लोग निगम अधिकारियों के लिए पैसा इकट्ठा कर रहे हैं, लेकिन खुद अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। यहां तक कि जीआईएस सर्वे के नाम पर भी व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है
सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे, जांच कमेटी गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा, “किसी भी विभाग या अधिकारी को नागरिकों की गरिमा से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल प्रभाव से एक जांच समिति गठित करने की घोषणा की, जो एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी
आरोपी कर्मचारियों की बर्खास्तगी और एजेंसी की छुट्टी
व्यापारियों ने तीनों आरोपी कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने और बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि निगम द्वारा नियुक्त एजेंसी का अनुबंध रद्द किया जाए, जो अतिक्रमण हटाने के नाम पर दमन कर रही है विवेक मनोचा ने कहा, “हम व्यापारी हैं, गुंडे नहीं। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले लोगों को आज अपने सम्मान के लिए धरना देना पड़ रहा है। अगर सरकार नहीं जागी तो चुनावों में परिणाम भुगतने होंगे।”
मेयर और विधायक पर भी सवाल
व्यापारियों ने स्थानीय मेयर और विधायक की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं। विवेक मनोचा ने कहा कि जब विधायक से जीआईएस टैक्स को लेकर बात की गई थी, तो उन्होंने आश्वासन दिया था, लेकिन अब वे अपने वादे से मुकर गए हैं विवेक मनोचा ने कहा- “जनता ने जिन्हें चुनकर भेजा है, अगर वो जनता के सवालों पर चुप हैं तो अगली बार वोट मांगने की हिम्मत न करें।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़