जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट (खैरथल-तिजारा)
टाइल्स निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कम्पनी कजारिया सिरामिक्स लिमिटेड को सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए 29वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में “शिक्षा भूषण सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कम्पनी की ओर से डी.पी. सिंह (हेड – मानव संसाधन एवं प्रशासन) ने ग्रहण किया। समारोह का आयोजन महेश्वरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर, जयपुर में किया गया, जहां राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह सम्मान प्रदान किया।
कजारिया सिरामिक्स लिमिटेड, जो भारत में सिरामिक्स और विट्रिफाइड दीवार एवं फर्श टाइल्स निर्माण में एक प्रतिष्ठित नाम है, का देश का सबसे बड़ा टाइल्स उत्पादन प्लांट गैलपुर गाँव, खैरथल तिजारा, जिला अलवर में स्थित है। कम्पनी व्यापारिक सफलता के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी बखूबी निभा रही है।
वर्ष 2024-25 में, कम्पनी ने खैरथल-तिजारा क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में कक्षा-कक्षों, शौचालयों का निर्माण तथा अन्य आवश्यक भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दिया। यह सभी कार्य कम्पनी द्वारा “ज्ञान संकल्प पोर्टल” के माध्यम से CSR गतिविधियों के अंतर्गत किए गए।
इस अवसर पर कम्पनी के मुख्य संचालन अधिकारी डॉ. राजवीर चौधरी ने सभी कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि, यह सम्मान हम सभी के लिए गर्व की बात है। भविष्य में भी कम्पनी समाज की सेवा के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।
जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट इंडियन टीवी न्यूज जिला (खैरथल -तिजारा)राजस्थान