विंढमगंज में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के मुड़िसेमर गांव में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अशोक राम 35पुत्र स्व० सरजू राम के रूप में हुई है, जो चार बच्चों के पिता थे। घटना के समय अशोक राम ने अपने घर की छत पर लगे पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरयू यादव ने बताया कि पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक बीते दो-तीन दिनों से मृतक का अपनी पत्नी सुनीता देवी से मोटरसाइकिल को लेकर कहासुनी हो रही थी। मृतक का कोई जानने वाला किसी काम को लेकर मोटरसाइकिल ले गया था, जिसमें मोटरसाइकिल का चालान 5 हजार रुपये का हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अशोक राम ने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि बेसहारा हुए बच्चों का पालन-पोषण हो सके। घटना से गांव में शोक की लहर है और लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार की मदद की जाए।
विंढमगंज थाना के उप निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह