संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त और चेकिंग अभियान तेज
सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में आगामी कांवड़ यात्रा और मोहर्रम पर्व को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ सक्रिय दिखाई दिए।
शुक्रवार को दिनभर पुलिस द्वारा जनपद के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की गई। यह गश्त विशेष रूप से उन क्षेत्रों में केंद्रित रही जहाँ अतीत में कोई अप्रिय घटना हुई थी या जहां साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की विशेष आवश्यकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्ग एवं मोहर्रम जुलूस के संभावित रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा उपद्रव को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।
जनपदवासियों से भी शांति बनाए रखने एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस विभाग द्वारा सोशल मीडिया पर भी निगरानी तेज कर दी गई है ताकि अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़