नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग
झारखंड में संयुक्त नियमावली के तहत सिपाही बहाली की तैयारी चालू ,
पुराने आवेदकों को नहीं देना होगा फिर से किसी प्रकार का शुल्क।
हजारीबाग/रांची : झारखंड में अब सिपाही की बहाली संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 के तहत की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंजूरी के बाद गृह विभाग ने अधियाचना वापस लेने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इसके साथ ही झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को जल्द नई नियमावली की प्रति सौंपी जाएगी और उसी के अनुरूप बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नई नियमावली के तहत पुलिस सिपाही, कक्षपाल, गृह रक्षा वाहिनी सिपाही और उत्पाद सिपाही की संयुक्त भर्ती होगी। पूरे राज्य में कुल 4919 पद खाली हैं, जिनमें 20 जिलों में 3799 नियमित पद और 11 जिलों में 1120 बैकलॉग पद शामिल हैं।
पहले इन पदों के लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे, लेकिन अब अधियाचना वापस होने और नियमावली में बदलाव के बाद आयोग पुराना विज्ञापन रद्द कर नए सिरे से अधिसूचना जारी करेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। यह निर्णय पुराने अभ्यर्थियों के हित में लिया गया है ताकि उन पर दोबारा आर्थिक बोझ न पड़े। इस कदम से वर्षों से सिपाही बहाली की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी।