उरई(जालौन):
स्वर्ण पदक विजेता स्वाति सिंह को नगीना सांसद ने किया सम्मानित:
एक लाख रुपये की दी आर्थिक सहायता:
जनपद जालौन कोंच क्षेत्र के अमीटा गांव की बेटी स्वाति सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शनिवार को लखनऊ में वीवीआईपी गेस्ट हॉउस में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद और नीरज भाई पटेल ने सम्मानित किया। समारोह के दौरान स्वाति को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई एवं मिष्ठान खिलाकर, शॉल ओढ़ाकर और महान समाज सुधारिका सावित्रीबाई फुले की तस्वीर भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया। इस मौके पर नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि स्वाति जैसी प्रतिभाएं हमारे समाज की प्रेरणा हैं। उन्होंने घोषणा की खेल क्षेत्र में आ रही समस्याओं और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं की कमी को लेकर वे जल्द ही खेल मंत्रालय को पत्र लिखेंगे ताकि और अधिक सुधार हो सके। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार नेशनल जनमत के संपादक नीरज भाई पटेल ने कहा कि स्वाति सिंह ने साबित कर दिया कि लगन, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर हर मुश्किल को पार किया जा सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण व सहयोग दिया जाए। जिससे स्वाती सिंह जैसे खिलाड़ियों की प्रतिभा में और निखार आ सके ।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश