दिव्यांग पिता की गुहार पर जिलाधिकारी ने बढ़ाया मदद का हाथ । मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने दिव्यांग पिता की अपील पर उनके बच्चों को स्कूल ड्रेस सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई। नगर क्षेत्र स्थित रविंद्र नाथ टैगोर पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले आयुष पीजी और अनुष्का (कक्षा-3) के पिता अरुण कुमार ने जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंचकर बच्चों की आवश्यकताओं को लेकर सहायता की गुहार लगाई थी। अरुण कुमार स्वयं दिव्यांग हैं और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में हैं, जिस कारण वे बच्चों के लिए ड्रेस, जूते, मोजे, बैग जैसी मूलभूत सामग्री जुटाने में असमर्थ थे। जैसे ही जिलाधिकारी के संज्ञान में मामला आया । उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को स्कूल ड्रेस, जूते, मोजे, बैग, टाई एवं बेल्ट प्रदान किए। यह पहल न केवल बच्चों के लिए सहायक सिद्ध हुई बल्कि जिले में प्रशासन की संवेदनशीलता की एक मिसाल भी बन गई। दिव्यांग अभिभावक अरुण कुमार ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से उनके बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। स्थानीय लोगों ने भी जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश