पचीपुरी में चला वृक्षारोपण अभियान
कोंच क्षेत्र के ग्राम पचीपुरी में सोमवार को वृक्षारोपण महाअभियान के तहत जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मिलकर पौधरोपण किया। यह कार्यक्रम सामाजिक वानिकी वन प्रभाग जालौन और हेल्पिंग हैंड्स सेवा संस्थान, झांसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने औषधीय, फलदार और छायादार पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि पेड़-पौधे धरती के आभूषण हैं, जिससे न केवल जीवनदायिनी वायु मिलती है, बल्कि पृथ्वी का श्रृंगार भी होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसका पालन-पोषण करें। इससे पहले वनाधिकारी प्रदीप कुमार, संस्थान के अध्यक्ष सत्येंद्र श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र निरंजन शीलू, कृपाशंकर द्विवेदी बच्चू महाराज, महेंद्र निगम एडवोकेट, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सर्वेश निरंजन, नदीगांव मंडल अध्यक्ष अनुराग खरे, प्रधान प्रतिनिधि अवधेश पटेल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश