रिपोर्टर सुरेन्द्र सिंह बड़ेर अलवर (इंडियन टीवी न्यूज़)
जयपुर शहर में चेन लुटेरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। बदमाश अब सड़क पर वारदात करने के साथ-साथ घर के अंदर घुसकर भी वारदात करने लगे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सेठी कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक ऐसी ही घटना हुई जब एक लुटेरा घर के अंदर घुसकर कपड़े सुखा रही बुजुर्ग महिला के गले से चेन तोड़ ले गया। छीना झपटी में महिला फर्श पर गिर गई। चेन का एक टुकड़ा लुटेरे के हाथ में तो दूसरा महिला के हाथ में रह गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक वारदात सेठी कॉलोनी निवासी शकुंतला (68) के साथ हुई। वह दोपहर 1.45 बजे घर के अंदर कपड़े सुखा रही थी। इसी दौरान पावर बाइक पर एक बदमाश आया और हेलमेट लगाकर अंदर घुसा। अंदर आते ही उसने पीछे से शकुंतला के गले से चेन पकड़ी और झटका देकर तोड़ने लगा। चेन नहीं टूटी तो खींचने लगा। इसी दौरान महिला फर्श पर गिर गई, लेकिन उन्होंने चेन नहीं छोड़ी। इससे चेन के दो टुकड़े हो गए। एक टुकड़ा बदमाश ले गया जबकि एक टुकड़ा शकुन्तला के हाथ में रह गया। महिला के चिल्लाने पर परिवार के सदस्य बाहर आए तब तक बदमाश भागने में सफल हो चुका था।