दूध और पनीर विक्रेताओं पर ताबड़तोड़ छापें
जालौन में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी जालौन के निर्देश पर जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ा गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जालौन के अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गुरुवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है, खासकर मिलावटी दूध और दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर लगाम लगाना। छापेमारी के दौरान उरई नगर पालिका के राठ रोड पर दूध लेकर जा रहे उपदेश कुमार और अजय पाल यादव से खाद्य पदार्थ मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। अजनारी रोड उरई स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी के प्रोपराइटर वीर सिंह यादव की डेयरी से भी खाद्य पदार्थ मिश्रित दूध का नमूना संग्रहित किया गया। इसी तरह, राजमार्ग उरई पर स्थित अजय कुमार चावला के प्रतिष्ठान से और मेडिकल चौराहा स्थित अमर सिंह पुत्र शम्भूदयाल से भी मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। कुकरगाँव में देवेंद्र कुमार से मिश्रित दूध, भान सिंह से पनीर और जितेंद्र कुमार से मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त, जालौन तहसील में रामसिया के प्रतिष्ठान से गाय का दूध और पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। ये सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनपद के स्थानीय बाजारों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। छापेमारी करने वाली टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार संखवार, सुनील कुमार, कन्हैया लाल यादव, महेश प्रसाद मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश