बिना हेलमेट, ब्लैक फिल्म और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती, दो वाहन सीज । जनपद जालौन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रभारी यातायात पुलिस द्वारा उरई स्टेशन रोड पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी कारें, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, तीन सवारी बिठाकर बाइक चलाने वालों, सीट बेल्ट न लगाने वालों, प्राइवेट वाहनों से सवारी ढोने और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात अपराधों पर ध्यान केंद्रित किया। टीम द्वारा नशे की हालत में वाहन चला रहे संदिग्ध चालकों की मौके पर ही ब्रीथ एनालाइज़र से जांच की गई, जिसमें कई वाहन चालक नशे की हालत में पाए गए। इन सभी के खिलाफ ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस को दो ऐसे वाहन भी मिले जो बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के चल रहे थे जिसमें एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक अन्य दोपहिया वाहन शामिल हैं ।नियमों का घोर उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों को मौके पर ही सीज कर लिया गया।
प्रभारी यातायात पुलिस ने बताया कि यह अभियान आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान चलाए जाते रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने इस अभियान का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोग नियमों के पालन के प्रति गंभीर होंगे। यातायात पुलिस द्वारा उठाया गया यह कदम न सिर्फ सुरक्षा को सुनिश्चित करता है, बल्कि शहर में जिम्मेदार वाहन संचालन को भी प्रोत्साहित करता है। आपको बताते चलें कि स्टेशन रोड पर कई कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं जिनमें नाबालिग बच्चे कोचिंग पढ़ने के लिए वाहन का उपयोग करते हैं। कई बार इस रोड पर एक्सीडेंट की घटनाएं हो चुकी है उम्मीद है कि लगातार चैकिंग होने से दुर्घटनाओं में कमी आयेगी।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश