दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर क्षेत्र में आकाशीय बिजली से घायल हुई 9 मनरेगा महिला मजदूरों से बृहस्पतिवार को ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की।
प्रतिनिधि मंडल में एआईपीएफ के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका और युवा मंच की जिला संयोजक सविता गोंड शामिल रहे।
म्योरपुर अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं ने बताया कि आकाशीय बिजली लगने के बाद ग्राम प्रधान द्वारा बार-बार सरकारी एंबुलेंस बुलाने के बावजूद 108 की एंबुलेंस सेवा नहीं आई। किसी तरह से निजी गाड़ी में लादकर प्रधान लोगों को म्योरपुर अस्पताल तक पहुंचा पाए।
प्रतिनिधिमंडल ने इस पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर 108 एंबुलेंस सेवा ठीक ढंग से काम नहीं कर पा रही है।
एआईपीएफ नेताओं ने सरकार से तत्काल दुद्धी में युद्ध स्तर पर तड़ित चालक यंत्र लगाने की मांग की ताकि लोगों की जिंदगी को बचाया जा सके। साथ ही मनरेगा कार्यस्थल पर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा और आकाशीय बिजली से सुरक्षित करने की व्यवस्था की भी मांग की।
एआईपीएफ नेताओं ने कहा कि सपा सरकार से शुरू हुई कार्रवाई आज तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि दुद्धी में तड़ित चालक यंत्र लगाने की कार्रवाई को तत्काल पूरा किया जाए ताकि लोगों की जिंदगी को बचाया जा सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह