✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात, पुरानी रंजिश में युवक पर हमला
कटनी: शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला अस्पताल के पास पोस्टमार्टम गृह के निकट दो युवकों ने हर्ष यादव, निवासी रंगनाथ नगर, पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हर्ष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया।
हर्ष यादव ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। कुछ दिन पूर्व कोतवाली थाने से चंद मीटर की दूरी पर चौपाटी में हुई चाकूबाजी में तीन लोगों की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि यह नई घटना ने शहरवासियों में दहशत फैला दी है।
शहरवासियों में आक्रोश, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं से कटनीवासी भयभीत हैं और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली पुलिस यदि मकान खाली करवाने और नाबालिगों को पीटने जैसे मामलों से फुर्सत निकालकर अपराध नियंत्रण पर ध्यान दे, तो स्थिति में सुधार हो सकता है। शहरवासियों ने पुलिस अधीक्षक से कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर ध्यान देने की मांग की है, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त किए जा सकें और शहर में शांति बहाल हो।