साइबर ठगों से रहें सावधान: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में नंबर बढ़ाने का दे रहे झांसा
महराजगंज (प्रयागराज)। 04 अगस्त 2025
माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। परिषद् ने बताया है कि वर्ष 2025 की हाईस्कूल कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट परीक्षा तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं को निशाना बनाकर कुछ साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं।
इन साइबर अपराधियों द्वारा छात्रों एवं उनके अभिभावकों को फोन कर अंक बढ़ाने और फेल से पास कराने का झांसा देकर उनसे धन की मांग की जा रही है। परिषद् ने स्पष्ट किया है कि यह पूर्ण रूप से ठगी का प्रयास है और पूर्व वर्षों में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
परिषद् ने सभी छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फोन कॉल या संदेश का संज्ञान न लें और न ही किसी प्रकार के प्रलोभन में आएं। यदि इस तरह की कोई कॉल प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक को दें।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)