लाल ततैया (बिरनी )के हमले में दादी-पोती की मौत,परिजनों में कोहराम
•पोती सीएचसी दुद्धी में ,तो दादी ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम
दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के बिड़र गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक घटना घट गई । जिसमें एक ही परिवार की दो सदस्यों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार धनेश्वरी देवी (60) पत्नी मानिक चंद्र पटेल और उनकी पोती शिवानी (6) पुत्री नीरज पटेल निवासी बिड़र
दोनों दादी-पोती बुधवार की शाम 4 बजे घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान लाल ततैया बिरनी (हडा)के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल दादी-पोती को परिजनों ने निजी साधन से शाम 6 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया। परिजन दोनों को जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि शिवानी ने दम तोड़ दिया।ग्रामीण दर्शन सिंह पटेल ,सिदेश्वर सिंह पटेल और जय नारायण ने संयुक्त रूप से बताया कि शिवानी की मौत हुई उसके बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दादी धनेश्वरी देवी ने भी लगभग डेढ़ बजे रात्रि में दम तोड़ दिया।
शिवानी के दो भाई और एक बहन हैं और वह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिवार पर इस घटना के बाद शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह