दुद्धी सोनभद्र ।कस्बे में मां भारती जन सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्री श्री सुदर्शन महायज्ञ का ध्वजा स्थापना कार्यक्रम आज बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे से शुरू हुआ। इस अवसर पर डिहवार बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ ध्वजा स्थापना यात्रा जुलूस की शुरुआत हुई।
ध्वजा स्थापना यात्रा जुलूस रामनगर डिहवारबाबा हनुमान मंदिर से शुरू होकर दुद्धी के प्रमुख मार्गों से होते हुए राधा कृष्णा व मां काली मंदिर पहुंचा और वहां से वापस रामनगर डिहवार बाबा हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां ध्वजा की स्थापना की गई।
ध्वजा स्थापना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर मां भारती जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार हलवाई के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अध्यक्ष ने बताया कि श्री श्री सुदर्शन महायज्ञ का आयोजन कस्बा स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। इस महायज्ञ का आयोजन श्री श्री 1008 रामानुजाचार्य वैष्णव मणी स्वामी नारायणाचार्य श्री धाम पाद पीठम् सिद्धाश्रम (बिहार) के सानिध्य में किया जा रहा है। महायज्ञ का आयोजन 11 अक्टूबर 2025 से 16 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर 2025 को पूर्णाहुति एवं महाभंडारा का आयोजन होगा।
इस दौरान मां भारती जन सेवा ट्रस्ट के आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस पावन पुनीत उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य के भागी बनें और अपने जीवन को सफल बनाएं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह