मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण संबंधी बैठक सम्पन्न
मतदाताओं की सुविधा हेतु 1500 से घटकर 1200 करने पर किया गया विचार विमर्श
रिपोर्टर राजेंद्र धाकड़
नर्मदापुरम जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम श्री राजीव रंजन पांडे की अध्यक्षता में बुधवार को प्रस्तुत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव के संबंध में विचार विमर्श के लिए जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के जिला प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
आम आदमी पार्टी से श्री आर०के० जराठे, श्री कासिम अली, श्री धनीराम गौर, बहुजन समाज पार्टी से श्री रतन लाल, श्री रामबाबू बारवे, श्री सदाशिव खातरकर, भारतीय जनता पार्टी श्री मनोहरलाल बडानी, श्री प्रशांत दीक्षित, इंडियन नेशनल कॉंग्रेस से श्री अनोखेलाल राजोरिया, श्री मधूसूदन यादव आदि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अधिकारीगण सहित राष्ट्रीय स्तर मास्टर ट्रेनर श्री पंकज दुबे एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री कैलाश दुबे उपस्थित रहें।
आयोजित बैठक में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण हेतु भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत मतदान केन्द्र में मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1500 से घटाकर 1200 किये जाने के संबंध में अवगत कराया गया। बैठक के दौरान बताया गाय कि जिले में 1200 से अधिक मतदाता वाले 92 तथा 1150 से 1199 तक मतदाता वाले 39 इस प्रकार कुल 131 मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन कर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सूची उपलब्ध करायी गयी। जिसके आधार पर मतदान केन्दों के युक्तियुक्तकरण के संदर्भ में विधानसभा क्षेत्र कमांक 136-सिवनीमालवा, 137-होशंगाबाद, 138-सोहागपुर तथा 139-पिपरिया के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव तैयार किये जाकर विधानसभा स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठके आयोजित कर सहमति प्राप्त की गई।
बताया गया कि कुल 131 मतदान केन्द्रों में मतदाता संख्या का समायोजन करते हुये 93 नवीन मतदान केन्द्र तथा 38 मतदाता संख्या के समायोजन के प्रस्ताव विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त हुये साथ ही मतदाताओं को अधिक दूरी तय किये जाने के कारण कुल 3 नवीन मतदान केन्द्रों के प्रस्ताव भी प्राप्त हुये है। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रस्तावित नवीन मतदान केंद्रों के अनुमोदन उपरांत जिले में वर्तमान में 1187 मतदान केंद्रों की तुलना में कुल 1283 मतदान केंद्र हो जाएंगे जिनमें नगरी क्षेत्र में 328 एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 955 मतदान केंद्र होंगे।युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों पर चर्चा उपरांत बूथ लेवल अभिकर्ता की नियुक्ति के संबंध में चर्चा करते हुये अवगत कराया गया कि, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली की तैयारी एवं पुनरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता की नियुक्ति के संबंध में जारी दिशा निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल अपने अध्यक्ष / सचिव/ अन्य कार्यालयीन पदाधिकारी के द्वारा प्रत्येक जिले के लिये एक या विधानसभा क्षेत्रों का उल्लेख करते हुये एक से अधिक प्रतिनिधियों को प्रारूप BLA-1 के द्वारा अधिकृत किये जाने तथा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र के लिये एक बूथ लेवल अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप BLA- 2 के द्वारा किये जाएं।