वरिष्ठ नागरिक दिवस पर 100 वर्षीय थनू गोप बने प्रेरणास्रोत
हजारीबाग: अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर, हजारीबाग के सदर प्रखंड स्थित ओरिया गांव के 100 वर्षीय थनू गोप समाज और सनातन धर्म के लिए एक अद्भुत मिसाल बनकर उभरे हैं। अपनी वृद्धावस्था के बावजूद, उनका धार्मिक कार्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बीएसएनएल से सेवानिवृत्त थनू गोप अपनी सक्रियता के दिनों में गांव की कीर्तन मंडली के प्रमुख सदस्य थे। वे पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। ओरिया पंचायत के सबसे बुजुर्ग और सम्मानित व्यक्ति होने के नाते, उन्होंने अपने पारिवारिक और पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक कर्तव्यों का भी बखूबी निर्वहन किया।
पिछले कुछ सालों में बढ़ती उम्र के कारण उनकी सक्रियता थोड़ी कम हुई है, लेकिन उनका उत्साह आज भी कायम है। वे अभी भी गांव के शिव मंदिर में होने वाले पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन में शामिल होते हैं। वे पुराने अंदाज में वाद्ययंत्रों के साथ भजन गाते हुए देखे जाते हैं।
आज भी, जब ग्रामीण उनसे मिलते हैं, तो उनका सम्मान करते हुए चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हैं। थोड़ी कम दिखाई देने के बावजूद, थनू गोप अपने पुराने परिचितों से उसी आत्मीयता के साथ मिलते हैं। उनकी धार्मिक निष्ठा और ईश्वर के प्रति भक्ति का भाव उनकी उम्र के इस पड़ाव में भी कम नहीं हुआ है। थनू गोप हमें सिखाते हैं कि उम्र कोई बाधा नहीं होती और सच्ची आस्था हमेशा जीवंत रहती है।
नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
संपर्क – 8850529025