ब्रह्माकुमारीज़ ने विश्व बंधुत्व दिवस पर किया रक्तदान शिविर का आयोजन
हजारीबाग: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, विष्णुगढ़ सेवा केंद्र पर गुरुवार, 21 अगस्त को पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणी जी की 18वीं पुण्य स्मृति को ‘विश्व बंधुत्व दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर समाज सेवा और मानव कल्याण की भावना को बढ़ावा देने के लिए एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन ब्रह्माकुमारीज़ की हजारीबाग मुख्य सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी हर्षा दीदी, ब्लड डोनेशन एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन, डॉ. प्रणीत सहाय और डी.ए.वी. विष्णुगढ़ के मैनेजिंग डायरेक्टर सागर कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस रक्तदान अभियान में ब्रह्माकुमारी तृप्ति बहन, भुवनेश्वर महतो, ब्रह्माकुमारी महक नंदिनी बहन, उषा देवी, सरिता देवी, कन्हैया यादव और विक्की वर्मन सहित कुल 15 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सभी रक्तदाताओं ने इस नेक कार्य में भाग लेकर मानवता का परिचय दिया। रक्तदान के बाद, सभी दानदाताओं को निर्मल जैन और राजयोगिनी हर्षा दीदी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर निर्मल जैन और हर्षा दीदी ने सभी रक्तदाताओं के जन-कल्याणकारी कार्य की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने लोगों को बताया कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्व को एक परिवार मानकर भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का एक प्रयास है।
सेवा केंद्र के सहयोगियों और चिकित्सा टीम के सदस्यों ने मिलकर इस शिविर को सफल बनाया। इसमें ब्रजकिशोर सिंह, रत्नानंदी, ममता कुमारी और गोविंद भाई सहित लगभग 70 लोग शामिल थे।
इसके बाद, हजारीबाग के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर शनिवार, 23 अगस्त और रविवार, 24 अगस्त 2025 को भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सभी शहरवासियों से इस पुनीत कार्य में शामिल होकर पुण्य कमाने की अपील की है।
नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो चीफ
हजारीबाग 8850529025 संपर्क करें।