पंजाब के होशियारपुर में एलपीजी टैंकर धमाका: 2 की मौत, दर्जनों घायल, कई घर-दुकानें राख
होशियारपुर–( इंडियन टीवी न्यूज़, पंजाब – प्रिंस ठाकुर, ब्यूरो चीफ़, होशियारपुर) जालंधर हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मांडियाला गांव के पास एक एलपीजी टैंकर पिकअप वाहन से टकराकर पलट गया और तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना भयंकर था कि इसकी गूंज 5–7 किलोमीटर तक सुनाई दी और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
जनहानि
अब तक मिली जानकारी के अनुसार कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई है।
18 से लेकर 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई की हालत गंभीर है, जिनको बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
संपत्ति का नुकसान
तेज आग ने करीब 15 दुकानों और 4–5 घरों को पूरी तरह जला दिया।
प्रभावित इलाकों के कई परिवार बेघर हो गए हैं।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद होशियारपुर, दसूया, फगवाड़ा, जालंधर और तलवाड़ा से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
एसडीआरएफ टीम, पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गईं।
देर रात करीब 1:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
प्रशासन व नेताओं की प्रतिक्रिया
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने राहत कार्यों की निगरानी की।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने 2 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि कई घायलों की हालत नाजुक है।
पंजाब के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा कर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
सड़क की स्थिति
हादसे के बाद होशियारपुर–जालंधर हाईवे को बंद कर दिया गया।
प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि लोगों को यह बम विस्फोट जैसा लगा। एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।