मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल करना जरूरी है- डॉ राजेश अतुलकर
युवा साहू समाज सेवा संगठन ने चिचोली में लगाया मोतियाबिंद जांच ऑपरेशन शिविर
अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
चिचोली। युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल स्वास्थ्य विभाग एवं चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली में रविवार को मोतियाबिंद जांच परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश अतुलकर, डॉ शुभम शर्मा, युवा साहू समाज सेवा संगठन बैतूल के अध्यक्ष गोपाल साहू , नेत्र चिकित्सा सहायक पी निरापुरे , अनिल कटारे ने मा सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मालार्पण कर नेत्र शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश अतुलकर ने कहा कि आंखें हमारे जीवन की अनमोल धरोहर है इसका विशेष ख्याल रखना जरूरी है। मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद जरूरी है कि आंखों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। डॉ अतुलकर ने कहा कि ऑपरेशन के बाद हरी सब्जियां फल एवं प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। भारी सामान उठाने से लगभग 15 दिन तक बचना चाहिए। ऑपरेशन के बाद आंख में रात के समय आई शील्ड एवं दिन के समय काले चश्मे का प्रयोग करना जरूरी है। ऑपरेशन के बाद अस्पताल द्वारा दी गई दवाइयां समय-समय पर आंखों में डालते रहना चाहिए। 45 साल के बाद समय-समय पर अपने आंखों की जांच चिकित्सकों से कराते रहना चाहिए । शिविर में 90 मरीजो के आंखों की जांच की गई एवं 30 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित किए गये। सभी मरीजों के ऑपरेशन चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल बैरागढ़ भोपाल में किए जाएंगे। अभिषेक शुक्ला ने कहा कि सभी मरीजों को निशुल्क आवास ,परिवहन भोजन एवं दवाइयां निशुल्क प्रदान की जाएगी । गोपाल साहू ने बताया कि एक सितंबर दिन सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर में मोतियाबिंद ऑपरेशन जांच परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा ।